77 आरपीएस प्रोबेशनर अधिकारियों को कम्युनिटी पुलिसिंग का प्रशिक्षण

कम्युनिटी पुलिसिंग एसपी चौधरी ने अधिकारियों को बताया कि सामुदायिक पुलिसिंग की योजनाएं किस तरह से पुलिस को जमीनी स्तर पर जनता का सहयोग हासिल करने में मदद करती हैं। इस संवाद का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जब ये अधिकारी फील्ड में जाएं, तो उन्हें बेहतर जन-सहभागिता मिल सके। संवाद के दौरान कम्युनिटी पुलिसिंग शाखा में संचालित प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिनमें सीएलजी, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र, सुरक्षा सखियां, स्टूडेंट पुलिस कैडेट, महिला शक्ति आत्मरक्षा, पुलिस जनसहभागिता और स्वागत कक्ष एवं आदर्श पुलिस थाना शामिल हैं।

एसपी चौधरी ने बताया कि वर्तमान में लगभग 3 लाख लोग राजस्थान में कम्युनिटी पुलिसिंग की विभिन्न योजनाओं से जुड़ चुके हैं। यह व्यापक नेटवर्क पुलिस को अपराध की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करता है। इस द्विपक्षीय संवाद के दौरान पुलिस मुख्यालय कम्युनिटी पुलिसिंग विंग में कार्यरत तीनों अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अन्य कार्मिक भी उपस्थित रहे। जिन्होंने अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।