सीएस ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के कार्यों का लिया जाएगा

गोपेश्वर, 22 अक्टूबर । मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को भगवान बदरीविशाल की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की मनौती मांगी। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का जायजा लिया।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन बुधवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बदरीनाथ धाम पहुंचे। हेलीपैड पर जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्य सचिव को पुलिस की ओर से गॉड ऑफ़ ऑनर दिया गया।

मुख्य सचिव ने बदरीनाथ में मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एराइवल प्लाजा, सिविक एमेनिटी सेंटर, बद्रीश एवं शेषनेत्र झील, रिवर फ्रंट और हॉस्पिटल बिल्डिंग के कार्यों की प्रगति की जायजा लिया।

इस मौके पर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा करने और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिवर फ्रंट के ऐसे फेज जहां नेचुरल धाराएं हैं वहां पर निर्माण कार्यों को कराये जाने के लिए विशेषज्ञों की राय जरूरी है। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ टीम से अध्ययन कराया जा रहा है और उनकी रिपोर्ट के आधार पर कार्यदायी संस्था को ऐसे फेज़ पर रिवर फ्रंट के कार्यों को करवाए जाएंगे। अन्य जगहों (फेंजो) पर रिवर फ्रंट के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने बताया कि रिवर फ्रंट को छोड़कर अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को हॉस्पिटल बिल्डिंग और अराइवल प्लाजा कार्यों में भी तेजी लाने को कहा।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्य सचिव जानकारी दी कि आईएसबीटी, सिविक एमेनिटी सेंटर, बद्रीश लेक, शेषनेत्र लेक और टूरिज्म मैनेजमेंट सेंटर के कार्य पूरे कर लिए गए हैं। मुख्य सचिव ने पूर्ण हुए कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। पूर्ण हुए कार्यों को जल्द संबंधित विभागों को हैंडओवर करने को कहा।

इस दौरान पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल ने पीपीटी के माध्यम से मास्टर प्लान के कार्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, बीकेटीसी प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।