सोहराई पर्व पर सांसद जोबा माझी ने की पशुधन की पूजा

सांसद जोबा माझी ने पारंपरिक संथाल परिधान धारण कर समाज की महिलाओं के साथ गाय-बैल सहित पशुधन की पूजा-अर्चना की। उन्होंने पारंपरिक तरीके से आरती उतारी और पशुओं के स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। इस दौरान ग्रामीणों ने ढोल-मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य कर उत्सव का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम में सांसद ने सभी को सोहराय पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संथाल समुदाय का प्राचीन महापर्व है, जो पशुधन, प्रकृति और खेती से गहराई से जुड़ा हुआ है। इस दिन लोग पशुओं की पूजा कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं और अच्छी फसल, परिवार एवं किसानों की समृद्धि की कामना करते हैं।

उल्‍लेखनीय है कि सागुन सोहराई पर्व में गाय-भैंस, बैल, हल और खेती-बाड़ी के औजारों की पूजा की जाती है। यह पर्व मनुष्य और प्रकृति के बीच के गहरे संबंध एवं भाई-बहन के रिश्ते की महत्ता को भी दर्शाता है।