शनिवार सुबह मृतक की पत्नी मालती देवी ने दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने जौनपुर के परसथ (बेलवा बाजार) निवासी त्रिवेणी पाठक और वाराणसी के कजाकपुर धोबीघाट निवासी सत्तन को गिरफ्तार किया। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद हुआ है।इस मामले में शनिवार को जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक बसंतू पाल झाड़फूंक का काम करता था। गिरफ्तार आरोपियों में से एक, सत्तन की पत्नी को लगभग 10 वर्षों से बच्चा नहीं हो रहा था। इसके लिए सत्तन ने अपनी पत्नी का झाड़फूंक बसंतू पाल से करवाया था।आरोपियों ने झाड़फूंक के नाम पर बसंतू पाल को काफी पैसे दिए थे, लेकिन उन्हें कोई लाभ नहीं हुआ। इसके बाद आरोपियों ने अपने दिए गए पैसे वापस मांगे। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने बसंतू पाल की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और शव को निर्जन स्थान पर झाड़ी में फेंक दिया था।पुलिस ने इस मामले का अनावरण करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।