पुलिस के अनुसार हाइवे स्थित अस्पताल तिराहा के समीप हुंडई शोरुम के सामने शाजापुर से गुना तरफ जा रहे प्याज से भरे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीबी 0260 ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक 45 वर्षीय ज्ञानचंद पुत्र गुलाबसिंह दांगी निवासी मोल्टाखेड़ी जिला शाजपुर की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया गया है कि बाइक चालक निजी अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार से मिलकर गांव लौट रहा था, तभी उसने विपरीत साइड से टर्न लिया और तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया,जिससे मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।