कोटा में स्कूल वैन और बोलेरो की टक्कर में दाे छात्राओं की मौत, 12 बच्चे घायल

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और वैन में फंसे बच्चों को निकालकर इटावा अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल सात बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है। अन्य बच्चों का इलाज इटावा के उपजिला अस्पताल में जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इटावा के गेता रोड स्थित 132 केवी जीएसएस के पास हुआ। वैन में सवार बच्चे स्कूल ऑफ जॉय एंड हैप्पीनेस जा रहे थे। रास्ते में अचानक वैन का टायर फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बोलेरो से टकरा गई और पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई बच्चे वैन से करीब 20 मीटर दूर जाकर गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चों को बाहर निकालने में मदद की।

डीएसपी शुभम जोशी ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिकता के साथ इलाज कराया जा रहा है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। बोलेरो में सवार दो लोग भी हादसे में घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।