नैनीताल पुलिस व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कैंची धाम से दिल्ली लौट रहे पर्यटकों का वाहन ज्योलीकोट के निकट खराब हो गया था, जिसके बाद उन्होंने किराये पर दूसरा टेंपो ट्रैवलर लिया। कुछ ही दूरी तय करने के बाद नया चालक वाहन को तेज गति से चलाते हुए नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो पर्यटकों की मृत्यु हुई, जबकि 15 घायल हुए।
उल्लेखनीय है कि कैंची धाम से लौट रहे दिल्ली व हरियाणा के पर्यटक शनिवार देर रात आमपड़ाव के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गये। दुर्घटना में दिल्ली बदरपुर निवासी गौरव बंसल व हरियाणा के बरहेन रोहतक निवासी सोनू कुमार की मृत्यु हुई, जबकि अन्य 15 सवार घायल हुए। तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ व 108 आपातकालीन सेवा की टीमों ने रात में ही बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से निकालकर हल्द्वानी चिकित्सालय भिजवाया। रविवार को घायलों से पूछताछ करने पर सामने आया कि दुर्घटना के बाद असली चालक मौके से फरार हो गया था।
यात्रियों ने बताया कि कैंची धाम से लौटते समय उनका वाहन ज्योलीकोट के पास खराब हो गया था, जिसके बाद उन्होंने नया टेंपो ट्रैवलर किराये पर लिया। यात्रियों के अनुसार चालक अत्यधिक गति से वाहन चला रहा था और मटियाल बैंड के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस खुलासे के बाद ज्योलीकोट के चौकी प्रभारी श्याम सिंह बोरा ने स्वयं पुलिस को शिकायत दी, जिस पर तल्लीताल थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 व 281 के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया है।
तल्लीताल के थाना प्रभारी मनोज नयाल के अनुसार फरार चालक की तलाश हेतु सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा की मदद ली जा रही है। दुर्घटना में मृत्यु पाने वाले दोनों पर्यटकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतकों के शवों के अंत्य परीक्षण के बाद परिजनों को सोंपने की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस चालक की पहचान व वाहन किराये पर लेने वाले व्यक्ति या एजेंसी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।