निचली अदालतों में हड़ताल की वजह से आज कोर्ट में प्रभावी काम नहीं हुआ। पक्षकारों को अपने मामले में डेट ही मिली। राऊज एवेन्यू कोर्ट में वकीलों ने नारेबाजी की और हरियाणा पुलिस की ओर से एक वकील को गिरफ्तार करने की निंदा की। कोआर्डिनेशन कमेटी की बैठक में हरियाणा पुलिस की ओर से मिले आश्वासन के बाद हड़ताल को वापस ले लिया गया।
दिल्ली के एक वकील विक्रम सिंह को हत्या के एक मामले में गुरुग्राम के एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। कोआर्डिनेशन कमेटी ने कहा कि वकील विक्रम सिंह को गुरुग्राम के एसटीएफ ने केवल इस आधार पर फंसा दिया कि वो सह-आरोपितों की ओर से उस मामले में पेश हुए थे। कोआर्डिनेशन कमेटी ने कहा कि गुरुग्राम एसटीएफ की ये कार्रवाई लीगल प्रोफेशन की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है और ये वकीलों को अपना काम करने से रोकने के लिए धमकाने की एक कोशिश है।
कोआर्डिनेशन कमेटी ने कहा था कि पुलिस प्रशासन का ये कदम न केवल कानून के शासन को कमतर कर आंकता है बल्कि विधि व्यवसाय से जुड़े लोगों के भरोसे को तोड़ने की कोशिश है। गुरुग्राम पुलिस की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कोआर्डिनेशन कमेटी ने वकील विक्रम सिंह पर लगाए गए झूठे मुकदमे को वापस लेने की मांग की थी।