झामुमो हार के डर से बंगाल और ओडिशा से मंगा रही भीड़ : आदित्‍य

उन्होंने कहा कि झामुमो की स्थिति पूरी तरह से हताश और निराशाजनक हो चुकी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन की सभाओं में अब भीड़ नगण्य रह गई है। जनता का भरोसा पूरी तरह से टूट चुका है, इसलिए अब सभा स्थलों को भरने के लिए बंगाल और ओडिशा से लोगों को बुलाया जा रहा है।

आदित्य साहू ने कहा कि घाटशिला की जनता की भागीदारी नाम मात्र की रह गई है। इसी कारण झामुमो कार्यकर्ता पोटका, जुगसलाई, बहरागोड़ा, पटमदा, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां और इचागढ़ जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों से भीड़ जुटा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सभाओं में कुर्सियां खाली पड़ी रहती हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो नेताओं को हार साफ दिखाई दे रही है, इसलिए अब सत्ता का दुरुपयोग करते हुए मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, सांसद और प्रभावशाली व्यक्तियों को एक-एक बूथों का टेंडर दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए भी झामुमो जनता का भरोसा जीतने में नाकाम रहा है। आदित्य साहू ने विश्वास जताया कि घाटशिला की जनता जागरूक और विवेकशील है और वह भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाएगी।

इस अवसर पर भाजपा नेता रामकुमार पाहन और नीलकंठ सिंह मुंडा भी उपस्थित थे।