मौके पर किये गये आकलन में बालू की मात्रा लगभग 220 ट्रैक्टर से अधिक पाई गई। एसडीएम ने तुरंत सीओ, खनन पदाधिकारी, थाना प्रभारी और खनन निरीक्षक को बालू जब्त करने और प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।
गढ़वा थाना प्रभारी को जब्त किए गए बालू की सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसडीएम ने कहा कि यह अवैध गतिविधि संभवतः किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संगठित बालू माफिया गिरोह का कार्य प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि यह सही है कि इस समय बालू की किल्लत है और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन इस संकट का हवाला देकर अपराध को पनपने नहीं दिया जा सकता। शहरी क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर बालू भंडारण होना माफियाओं के बढ़े हुये मनोबल का संकेत है। उन्होंने बताया कि फिलहाल बालू घाटों की नीलामी की प्रक्रिया जारी है और इसके पूरा होने के बाद जल्द ही बालू संकट खत्म होने की उम्मीद है।
एसडीएम ने शहरवासियों से अपील किया कि चोरी की बालू नहीं खरीदें। इससे न केवल अवैध कारोबारियों को बढ़ावा मिलता है, बल्कि यह पर्यावरणीय अपराध भी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को अवैध खनन की जानकारी मिले तो प्रशासन को सूचित करें, सूचना देने वालों का नाम गोपनीय रखा जायेगा।