पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड स्थित गुहियापाल पंचायत में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने 11,000 वोल्ट के हाई-वोल्टेज तार काटकर चोरी कर लिए और इस दौरान कई सीमेंट के बिजली खंभों को भी तोड़ डाला। घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, एनएच-18 के किनारे महिषपुर चौक से लेकर जामबोनी मैदान तक लगभग 26 बिजली खंभों से तार काटे गए हैं। चोरों ने पूरी योजना बनाकर रात के अंधेरे में यह वारदात अंजाम दी। सुबह जब ग्रामीणों ने टूटे खंभे और बिखरे तार देखे, तो हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत बिजली विभाग और पुलिस को सूचना दी।
बिजली गुल होने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक कार्य पूरी तरह बाधित हैं। बहरागोड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, वहीं बिजली विभाग के अधिकारी भी स्थल पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि चोरी की इस घटना में लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। विभाग ने जल्द मरम्मत कार्य शुरू कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।