गोविंदपुर थाना क्षेत्र के भोला बगान के समीप मंगलवार सुबह एक नाले से अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव को देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव की स्थिति देखकर आसपास के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला खुदकुशी का है या हत्या, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि मृतक की पहचान और घटना की सच्चाई का पता चल सके। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा संभव होगा।