नेहरू जयंती पर कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा सम्पन्न
हिसार, 14 नवंबर । भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू
जी की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि
सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष
बृजलाल बहबलपुरिया ने की। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं
ने भाग लेकर नेहरू जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान
को याद किया।
बृजलाल बहबलपुरिया ने इस अवसर पर शुक्रवार काे कहा कि पंडित नेहरू जी ने भारत को आधुनिकता
की ओर ले जाने का जो सपना देखा था, वही आज हमारे लोकतांत्रिक ढांचे और विकास की मूल
आधारशिला है। उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने एक ऐसे भारत की कल्पना की थी जहां वैज्ञानिक
सोच, समानता, सामाजिक न्याय और शिक्षा को प्राथमिकता मिले। उन्होेंने कहा कि भारत के
मंदिर कहे जाने वाले बड़े उद्योग, आईटीआई, एम्स, वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थान, पंचवर्षीय
योजनाएं, सब नेहरू जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। आज भारत का जो स्वरूप दुनिया के
सामने है, उसकी बुनियाद नेहरू जी ने ही रखी थी।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि नेहरू जी केवल एक नेता नहीं, बल्कि भारत की आत्मा थे
जिन्होंने देश को आधुनिक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का मार्ग दिखाया। उन्होंने
कहा कि आज जब समाज में नफरत फैलाने की कोशिशें हो रही हैं, तब नेहरू जी की समावेशी
सोच को अपनाना और भी आवश्यक हो जाता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया
कि नेहरू जी की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाना हर कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी
है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चाहिए कि गांव-गांव जाकर जनता को नेहरू जी की नीतियों,
उनकी सोच और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से अवगत कराएं। यह हमारा ऐतिहासिक दायित्व
भी है और नेहरू जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी।