संदणिया गांव के ग्रामीण हर दिन 5 किमी दूरी नापकर गांव जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सीएम, गढ़वाल सांसद से लेकर स्थानीय विधायक सतपाल महाराज तक को कई बार समस्या से अवगत कराया जा चुका है लेकिन आज तक ग्रामीणों को सड़क की सुविधा नहीं मिल पाई है। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक एवं लोनिवि मंत्री से जल्द ही गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने जल्द समस्या का हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
संदणिया गांव के ग्रामीण एवं वरिष्ठ राज्य निर्माण आंदोलनकारी विक्रम सिंह रावत ने बताया कि सोमवार को गांव की बुजुर्ग महिला महेश्वरी देवी की तबियत खराब होने पर उन्हें 5 किमी की दूरी पैदल नापकर डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाया। कहा कि राज्य गठन के 24 साल बाद भी गांव को सड़क सुविधा नहीं मिल पाई है।
बताया कि क्षेत्रीय विधायक एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को भी गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया गया लेकिन उन्होंने भी आज तक ग्रामीणों की सुध नहीं ली। सड़क सुविधा नहीं होने से गांव से लगातार पलायन हो रहा है। उन्होंने लोनिवि मंत्री से जल्द ही गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग उठाई है।