जबलपुरः आज ओलंपियाड के माध्यम से विद्यार्थी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा

जिला परियोजना समन्वयक योगेश शर्मा ने बताया कि ओलंपियाड परीक्षा कक्षा 2 और 3, कक्षा 4 और 5 तथा कक्षा 6 से 8 स्तर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जायेगी। उन्होंने बताया कि यह परीक्षा ओएमआर शीट पर आधारित होती है जिससे बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सहायता मिलती है।

जिला परियोजना समन्वयक ने बताया कि ओलंपियाड परीक्षा कक्षा 2 और 3 के विद्यार्थियों के लिए हिन्दी, गणित एवं अंग्रेजी विषय पर केंद्रित होगी। इसी प्रकार कक्षा 4 और 5 के विद्यार्थियों के लिए हिंदी, गणित, अंग्रेजी एवं पर्यावरण तथा कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान, हिंदी, संस्कृत, गणित, सामाजिक विज्ञान एवं अंग्रेजी विषयों पर आधारित होगी।

जिला परियोजना समन्वयक के मुताबिक जनशिक्षा केंद्र स्तर की ओलंपियाड परीक्षा में चयनित छात्र-छात्रायें जिला स्तर की ओलंपियाड परीक्षा में सहभागिता करेंगे। ओलंपियाड परीक्षा आयोजन का उद्देश्य शासकीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं में तार्किक क्षमता, सामाजिक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। ओलंपियाड परीक्षा की सभी आवश्यक तैयारी कर ली गई हैं। गोपनीय सामग्री का वितरण जिला स्तर से विकासखंडो को तथा विकासखंडों से जन शिक्षा केंद्रो को कर दिया गया है।