19 नवंबर । नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने अमरदीप न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी के वार्ड नंबर 18 का दौरा कर नागरिकों की समस्याओं को सुना। इस दौरान नागरिकों ने विधायक के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखी, जिनके निवारण दिशा में अधिकारियों को निर्देश दिए। विधायक पनिहार ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बुधवार काे कहा कि प्रदेश सरकार जनता की सुविधा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नलवा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को और गति दी जाएगी और जिन क्षेत्रों में पेयजल व सडक़ संबंधी दिक्कतें हैं, वहां जल्द ही सुधार कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को संबंधित विभागों से समन्वय कर समाधान की प्रक्रिया त्वरित गति से करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं समय पर पहुंचाना है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार लगातार पेयजल, सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में रिकॉर्ड स्तर पर कार्य कर रही है। गांवों से लेकर शहरों तक नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, सडक़ों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है और जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बजट में भी लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि हर क्षेत्र में विकास समान रूप से पहुंचे और लोगों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर निगम पार्षद गुलाब सिंह, मंडल अध्यक्ष सुमन कस्वां, दयानंद पानू, रणसिंह फौजी, राजकुमार, हरपाल सिंह, रमेश अरोड़ा, प्रदीप कुमार, विनोद जाजूदा, राजकुमार पनिहार, अनिल मोहिल डाबड़ा, कल्याण सिंह राजपूत, प्रताप सीसवाला सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।