अयोध्या, 24 नवंबर । राम नगरी अयोध्या मंगलवार को विवाह पंचमी के पावन अवसर पर इतिहास रचेगी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे। यह केवल धार्मिक समारोह नहीं, बल्कि सदियों की आस्था की साकार यात्रा है। इस भव्यता के पीछे अनगिनत अनसुने चेहरे भी शामिल हैं। सफाई कर्मचारी और समर्पित सेवादार, जो दिन-रात एक कर राम मंदिर को इस ऐतिहासिक क्षण के लिए तैयार कर रहे हैं। इन कर्मयोगियों की कहानियां राम के आदर्शों की तरह ही त्याग, समर्पण और निस्वार्थ सेवा की मिसाल हैं।
सफाई कर्मचारी रमेश कुमार ने बताया कि “हम लोगों को अपने ही शहर में रोजगार मिल रहा है। हम लोग बहुत प्रसन्न हैं। प्रभु श्रीराम की सेवा भी कर रहे हैं ओर साफ सफाई के माध्यम से धनार्जन भी कर रहे हैं। पहले दूसरे शहर में काम के लिए जाना पड़ता था अब यहीं काम मिल रहा है। इसके जरिए हम अपना परिवार पाल रहे हैं।”
सफाई कर्मचारियों की मेहनत अयोध्या को दुल्हन की तरह सजा रही है। नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सैकड़ों मजदूर लगे हैं, जो 23 नवंबर से प्लास्टिक मुक्त अभियान चला रहे हैं।
इसी तरह सफाई कर्मचारी विद्या ने बताया कि मुझे राम लला ने बुलाया। रात भर झाड़ू लगाई, दीवारों पर गुटखे के दाग साफ किए। मंगलवार को जब ध्वज फहरेगा, तो लगेगा मेरी मेहनत सफल हुई।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने साेमवार काे बताया कि सरयू घाट से राम मंदिर तक हर कोना चमक रहा है। फूलों की सजावट, मरम्मत इत्यादि सब कुछ पूर्ण है।
———