विधानसभा के शीत सत्र शुरू होने से पूर्व सर्वदलीय बैठक, दोनों पक्षों से की सहयोग की अपील

बैठक में हिमाचल प्रदेश सरकार के उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया और भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक सुखराम चौधरी उपस्थित थे। यह महत्वपूर्ण बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे हिमाचल प्रदेश विधान सभा की गरिमा तथा इसके गौरवमयी इतिहास को ध्यान में रखते हुए आचरण करें। उन्होंने सदस्यों से नियमों की परिधि में रहकर अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उन पर सार्थक चर्चा करने का अनुरोध किया।

अध्यक्ष ने दिलाया सहयोग का आश्वासन

विस अध्यक्ष पठानिया ने सत्ता पक्ष से अनुरोध किया कि वे सभी सदस्यों की सूचनाओं का तथ्यों सहित शीघ्र जवाब दें। उन्होंने सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनका भरसक प्रयास रहेगा कि वे सभी को अपनी-अपनी बात रखने का उचित मौका दें। जिससे सदन का समय सार्थक तथा व्यवहारिक चर्चा में व्यतीत हो सके। पठानिया ने बैठक में सदन में लाए जाने वाले विषयों पर भी जानकारी दी और यह सुनिश्चित किया कि जनहित में उठाए जाने वाले विषयों पर सभी को चर्चा का अवसर दिया जाएगा।