प्रयागराज, 1 दिसंबर । उप्र सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा बिजली बिल राहत योजना 2025-26 न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत प्रदान करेगी, बल्कि बिजली विभाग और उपभोक्ता दोनों के बीच विश्वास व सहयोग के नए युग की शुरुआत करेगी।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री शर्मा सोमवार को प्रयागराज के सोरांव सब स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहा ही इस ऐतिहासिक योजना की शुरुआत करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की बहुप्रतीक्षित और उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी ‘बिजली बिल राहत योजना 2025–26 सोमवार से पूरे प्रदेश में शुरू कर दी गई है। यह योजना न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत प्रदान करेगी, बल्कि बिजली विभाग और उपभोक्ता दोनों के बीच विश्वास व सहयोग के नए युग की शुरुआत करेगी।
उन्होंने इस पहल को सरकार की संवेदनशील और परिणामकारी कार्यप्रणाली का उदाहरण बताया। शुभारंभ समारोह में मंत्री शर्मा ने पहले पंजीकरण करने वाले पांच उपभोक्ताओं को प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि आज की शुरुआत उन उपभोक्ताओं के लिए राहत की नई किरण है, जिन पर वर्षों से बकाया बिलों का बोझ बना हुआ था। योजना के प्रथम चरण में पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत ब्याज माफी एवं मूलधन पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट मिलेगी, जिससे उनकी देनदारियाँ काफी कम हो जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाया गया है। उपभोक्ता विभागीय वेबसाइट www.uppcl.org, पर, संबंधित खंड/उपखंड कार्यालय, जन सेवा केंद्र या किसी भी विभागीय कैश काउंटर से से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। योजना तीन चरणों में चलेगी। प्रथम चरण 1 दिसंबर 2025 से आरंभ होकर 31 दिसंबर 2025 तक चलेगा। द्वितीय चरण 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक तथा तृतीय चरण 1 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक चलेगा। प्रथम चरण में 100 फीसदी ब्याज के साथ मूलधन में 25 फीसद की छूट मिलेगी। द्वितीय चरण में 15 फीसदी छूट एवं तृतीय चरण में 10 फीसदी की ही छूट दी जाएगी।
मंत्री शर्मा ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विशेष रूप से श्रेय देते हुए कहा कि उपभोक्ता हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का यही संवेदनशील दृष्टिकोण इस योजना की प्रेरणा रहा है। प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ–सबका विकास–सबका विश्वास’ के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बिजली उपभोक्ताओं को लगातार राहत देने की नीति के कारण ही प्रदेश में छह वर्षों से बिजली दरों में कोई वृद्धि नहीं हुई और अब यह ऐतिहासिक राहत योजना लागू होकर उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ को बड़े पैमाने पर कम करेगी।
इस अवसर पर विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, जिला अध्यक्ष गंगापार श्रीमती निर्मला पासवान, एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम शंभू कुमार, मुख्य विद्युत अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता विद्युत उपभोक्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।