वोट चोर गद्दी छोड़ रैली में झारखंड से पांच हजार कार्यकर्ता होंगे शामिल : कमलेश

बैठक में आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली वोट चोर गद्दी छोड़ रैली की तैयारी को लेकर चर्चा हुई। रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी झारखंड से हो इस पर जिलावार समीक्षा की गई। साथ ही झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत होने वाले मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया का विरोध करने पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्र सरकार की जिम्मेदारी लोगों के अधिकारों की रक्षा करना है, लेकिन अपनी जिम्मेदारी को पूरा करने की जगह सरकार अधिकारों को छीन रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के माध्यम से देश में एसआइआर के जरिए विपक्ष के समर्थक मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं और फर्जी मतदाताओं का नाम जोड़कर राज्यों के चुनाव की चोरी की जा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम जनता एसआइआर की जटिल प्रक्रिया नहीं समझ पा रही है और लोग दशकों पूर्व के कागजात खोजने में परेशान हैं। उन्होंकने कहा कि काम के दबाव में बीएलओ आत्महत्या करने को विवश हैं। कांग्रेस पार्टी ऐसी स्थिति को बर्दाश्त नहीं कर सकती है। हमलोग एसआइआर का पूरजोर विरोध करेंगे। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर की रैली में झारखंड से पांच हजार लोग शिरकत करेंगे।

बैठक में जूम के मध्यम से सभी जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक में मंत्री दीपिका पांडे सिंह, बंधु तीर्की, शहजादा अनवर, जलेश्वर महतो, डॉ रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, अनादि ब्रह्म, ब्रजेंद्र सिंह, सुल्तान अहमद, भीम कुमार सहित अन्य अपस्थित थे।