जनता-जनार्दन के समक्ष हमारी सरकार के दो साल का रिपोर्ट कार्ड – मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जनता के सेवक के रूप में कार्य कर रहे हैं और प्रदेश के विकास का पहिया बिना रुके, बिना थमे आगे बढ़ रहा है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम जनता को अपने कामों का हिसाब दें। इसीलिए हमारी सरकार ने पिछले वर्ष की भांति ही इस वर्ष भी अपने सुशासन का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि विकास रथ हर विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक पहुंचकर आमजन को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे इन जनल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की इस पहल का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि विकास रथ में उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से अपने सुझाव दें। राज्य सरकार इन सुझावों को आगामी बजट में समाहित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जनता-जनार्दन से जो काम पांच साल में पूरे करने का वादा किया था उनमें से 70 प्रतिशत कार्य केवल दो वर्ष में ही पूरे किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पिछले दो वर्षों में कानून का राज स्थापित किया है। हमारी सरकार ने पिछले दो वर्ष में जितने कार्य किए हैं, उतने पूर्ववर्ती सरकार ने पांच वर्ष में नहीं किए। उन्होंने कहा कि हम जनता के बीच रहकर काम करते हैं तथा हमने गत दो बजटों में बिना भेदभाव के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में विकास निधि दी है। हम प्रदेश की 8 करोड़ जनता के लिए काम कर रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि वर्तमान में राज्य की डबल इंजन सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। सरकार राष्ट्र प्रथम की अवधारणा पर कार्य कर रही है, साथ ही, अंत्योदय की भावना के तहत अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का उजियारा पहुंचाना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास रथ के माध्यम से दो वर्षों की विकास उपलब्धियों तथा नीतिगत सुधारों की जानकारी आमजन तक पहुंचेगी।

इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरूण चतुर्वेदी, विधायक कैलाश वर्मा, कुलदीप धनकड़, गोपाल शर्मा, बालमुकुन्दाचार्य, महेन्द्र पाल मीणा, रामावतार बैरवा सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में 200 विकास रथ भेजे गए हैं। इसकेे माध्यम से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राज्य सरकार की 2 वर्षों की उपलब्धियों, फ्लेगशिप योजनाओं, नीतिगत सुधारों की जानकारी ऑडियो-वीडियो के माध्यम से आमजन तक सहज और प्रभावी रूप से पहुंचाया जाएगा।