कार से पेट्रोल व सामान चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी

हिस

Low

HCRI 26

Crime-theft-fir

कार से पेट्रोल व सामान चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी

शिमला, 22 दिसंबर । सुबह जब वाहन मालिक अपनी कार के पास पहुंचा तो उसे अंदाजा भी नहीं था कि रात में उसकी गाड़ी को निशाना बनाया जा चुका है। जिला शिमला के रामपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक कार से पेट्रोल और अन्य सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। इसमें चोरों की पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

ठियोग निवासी सुनील शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 17 दिसंबर की शाम अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की थी।

अगली सुबह जब उसने वाहन की जांच की तो पाया कि कार से करीब 20 लीटर पेट्रोल चोरी हो चुका है। इसके अलावा गाड़ी का स्पेयर टायर और एक पेन ड्राइव भी गायब थी। चोरी के दौरान गाड़ी की फ्यूल पाइप को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे कुल मिलाकर करीब 5,500 रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद सुनील शर्मा ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक चोरी करते हुए साफ दिखाई दिए। पीड़ित के अनुसार वीडियो में नजर आए दोनों युवकों की पहचान अमित और राजकुमार के रूप में हुई है, जो कमलाऊ क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। फुटेज में यह भी सामने आया है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी एक मारुति वैगनआर कार का इस्तेमाल कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार थाना रामपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है और मामले में जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।