थाना प्रभारी गोमतीनगर विस्तार सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि 23 दिसंबर को खरगापुर की रहने वाली सुनीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया था। उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर की रात करीब 9 बजे खरगापुर तिराहा क्षेत्र में रामदेव रावत और उनके सगे भाई मोनू रावत के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान शराब के नशे में मोनू रावत ने मौके पर पड़ी लकड़ी की बल्ली से रामदेव के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने रामदेव को मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था। भागने के दौरान हत्या में प्रयुक्त बल्ली को रघुनाथ नगर गेट के पास स्थित खाली प्लॉट की झाड़ियों में फेंक दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि अथक प्रयास के बाद पुलिस टीम ने आरोपित, थाना गोमतीनगर विस्तार, खरगापुर निवासी मोनू रावत (40) को हिमालयन तिराहे के पास शहीद पथ अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर घटना में लकड़ी की बल्ली बरामद कर ली गई है।आरोपित के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
———