देवरिया, 10 जनवरी । वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लार थाना पुलिस ने तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया हैं। इनके पास से पुलिस तीन मोटर साइकिल बरामद किया हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि लार थाना पुलिस सहजोर चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस ने अभियुक्त रउतपार अमेठिया निवासी बलिराम गुप्ता को एक चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान बलिराम गुप्ता ने स्वीकार किया कि वह अपने दो साथियों भुड़सुरी निवासी अंश कुमार उर्फ आदित्य कुमार और रउतपार अमेठिया अजय कुमार पुत्र उमेश के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें बेच देता था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्तों की निशानदेही पर रउतपार अमेठिया से दो और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इसके साथ ही एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई। इस संबंध में थाना लार थाने में बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
———-