वीवीपैट की नये सिरे से डिजाइन की मांग पर मार्च के तीसरे सप्ताह में सुनवाई

नई दिल्ली, 9 फरवरी (हि.स.)। ईवीएम से वोटिंग के दौरान वीवीपैट को नए सिरे से डिजाइन करने की मांग पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पूछा है कि ईवीएम को लेकर आखिर कितनी याचिकाएं दाखिल होंगी। जस्टिस संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली बेंच ने ये टिप्पणी की। सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर मार्च के तीसरे हफ्ते में सुनवाई करेगा।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि हर बार एक नया संदेह जताते हुए याचिका दाखिल हो रही है। याचिका एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और दूसरे याचिकाकर्ताओं ने दायर की है। याचिका में वोट देने वालों को उनके द्वारा दिए गए वोट की पुष्टि कराए जाने की मांग की गई है।

दरअसल, मौजूदा व्यवस्था के मुताबिक वोट देने वाला वीवीपैट मशीन पर यह देख सकता है कि उसने जिस उम्मीदवार को वोट दिया है, उसका वोट उसी उम्मीदवार को गया है। मामला यह है कि वीवीपैट में इसकी व्यवस्था नहीं है कि जो कुछ हुआ, वह रिकार्ड हुआ है या नहीं। सुनवाई के दौरान निर्वाचन आयोग ने इस याचिका का विरोध करते हुए इस मांग को अव्यवहारिक बताया और कहा कि चुनाव आने के साथ ऐसी याचिकाएं दाखिल हो जाती हैं।