देहरादून, 22 जनवरी । उत्तराखंड के रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र सौरभ बेहड़ पर हुए हमले के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर हुई कार्रवाई में तीन हमलावरों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया, जबकि मामले का मास्टरमाइंड इंदर नारंग को भी पकड़ा गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के इस प्रकरण में हुए खुलासे को नकारात्मक और षड्यंत्रकारी राजनीति का उदाहरण बताया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सौरभ बेहड़ ने स्वयं पर हमला करवाने की योजना बनाई,जिसे इंदर नारंग और अन्य आरोपियों ने अंजाम दिया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद किए। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि यह पूर्व नियोजित आपराधिक साजिश थी और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।गिरफ्तार अभियुक्त हैं वंश कुमार (20), बादशाह और दीपक सिंह (21)। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे (12 व 315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक नाजायज चाकू बरामद हुआ। सभी हथियार चालू हालत में पाए गए। आरोपियों के खिलाफ धारा 3/4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
भाजपा विधायक और प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि इस मामले में कांग्रेस की ओर से लगाए गए सभी झूठे आरोपों पर पार्टी को तुरंत माफी मांगनी चाहिए। भाजपा का कहना है कि ऐसे गैरजिम्मेदाराना और नकारात्मक राजनीतिक कदमों के कारण ही कांग्रेस ने जनता का विश्वास खो दिया है। यह विश्वास करना मुश्किल है कि कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए इतने निचले स्तर तक गिर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और पार्टी की छवि खराब करने के लिए भ्रम और अफवाह फैलाने का प्रयास किया। उन्होंने पिछली घटनाओं का भी उल्लेख किया,जैसे अंकिता प्रकरण, काशीपुर किसान आत्महत्या और बाबा केदारनाथ धाम से जुड़े मुद्दे, जहां कांग्रेस ने लगातार झूठे नेरेटिव बनाकर सरकार पर आरोप लगाए।
उन्होंने हाल में कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र पर हमले के खुलासे को उदाहरण बताते हुए कहा कि पुलिस जांच में यह साबित हो गया कि हमला एक षड्यंत्र का हिस्सा था। चमोली ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के लगाए गए आरोप अनर्गल, झूठे और अपमानजनक थे। कांग्रेस राजनैतिक लाभ के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस दुष्प्रचार और षड्यंत्र में माहिर है और किच्छा विधायक पुत्र का मामला इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार कानून व्यवस्था पर झूठे आरोप लगाकर प्रदेश में नकारात्मक छवि पेश करती रही है। चौहान ने उदाहरण देते हुए अंकिता हत्याकांड और काशीपुर किसान आत्महत्या मामले का जिक्र किया और कहा कि जांच एजेंसियों का मनोबल तोड़ने की कांग्रेस की नीति गलत है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनता सीधे शिकायत दर्ज करा रही है और सरकार जनता के द्वार पहुंच रही है। इसलिए कांग्रेस को दुष्प्रचार के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।