लखनऊ,23 जनवरी । स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर कार्य करने वाली उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियां 26 जनवरी को गणतन्त्र दिवस पर कर्त्तव्य पथ, नई दिल्ली में आयोजित होने वाली परेड में विशेष अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगी।
इनमे से 13 दीदियों को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को अपने कैम्प कार्यालय 7- कालिदास मार्ग लखनऊ से 23 जनवरी को बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निर्देशों के क्रम में एक लखपति दीदी सीधे दिल्ली गयी है। प्रस्थान से पूर्व उप मुख्यमंत्री ने इन दीदियों से उनके क्रिया कलापों व गतिविधियों व महिला सशक्तिकरण के लिये उनके परिश्रम व लगन, निष्ठा और अपने कार्यो मे पायी सफलता की यात्रा के बारे मे जानकारी हासिल किया व उनका उत्साहवर्धन किया।
यह दीदियां दिल्ली में परेड देखने से पहले ग्रामीण विकास मंत्री शिव राज सिंह चौहान के नई दिल्ली मे आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगी, जिसमें वह सबसे भेंट करेंगे। सभी दीदियों को अन्य राज्यों की दीदियों के साथ दिल्ली भ्रमण भी 27 जनवरी को कराया जाएगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में कर्तव्य पथ पर प्रतिभाग के लिए समूह की दीदियों को आमंत्रित किया जाना उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री का विचार रहता है कि गरीब से गरीब व्यक्ति राष्ट्रीय पर्व में देश की राजधानी में आमंत्रित हो। कहा कि सरकार गरीबी के दर्द को जानती है। गरीबी के दर्द को जानने के कारण ही गरीबों का दर्द दूर करने में सफल हुयी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा महिला सशक्तिकरण व स्वावलम्बन के लिए डबल इन्जन सरकार प्रतिबद्ध व संकल्पबद्ध तो है ही, महिलाओं के सम्मान व स्वाभिमान के लिए भी प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर राज्यमन्त्री विजय लक्ष्मी गौतम ने भी विचार व्यक्त किये। प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग सौरभ बाबू, विशेष सचिव ग्राम्य विकास विभाग जयनाथ, मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन दीपा रंजन, संयुक्त मिशन निदेशक जनमेजय शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।