पुलिसकर्मी बनकर टप्पेबाजी करने वाला मुठभेड़ में साथी सहित गिरफ्तार, गोली लगी

फिरोजाबाद, 24 जनवरी । रसूलपुर थाना पुलिस एवं एसओजी टीम ने शुक्रवार देर रात पुलिसकर्मी बनकर टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान साथी सहित गिरफ्तार कर लिया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने शनिवार को बताया कि थाना रसूलपुर क्षेत्र अंर्तगत 20 जनवरी को हुई टप्पेबाजी की दो घटनाएं और 21 जनवरी को थाना जसराना क्षेत्रान्तर्गत हुई टप्पेबाजी की घटना के सम्बन्ध में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया था।

पुलिस टीमों की जांच व सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त फुटेज के आधार पर अभियुक्त की पहचान इटावा जिला के रहने वाले शेषपाल उर्फ शीशपाल का नाम प्रकाश में आया। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए।

उन्होंने बताया कि रसूलपुर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस और एसओजी टीम के साथ शुक्रवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी सूचना पर बरी चौरहा फतेहाबाद रोड के पास चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान मोटरसाइकिल पर दो संदिग्धों को रोकने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस टीम की आत्मरक्षार्थ जबावी फायरिंग में एक संदिग्ध व्यक्ति के पैर गोली लग गयी और उसके अन्य साथी को पुलिस टीम ने घेराबन्दी करके पकड़ लिया। घायल व्यक्ति की पहचान शेषपाल उर्फ शीशपाल के रूप में हुई। अन्य साथी की पहचान उदय सिंह पुत्र राम सिंह निवासी नगला ब्रजलाल (डांडे) थाना निधौली कला जनपद एटा के रुप में हुई है, जो थाना रसूलपुर के वांछित है। अभियुक्त शेषपाल पुलिस

की गोली से घायल हुआ है। अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचा मय 05 जिन्दा, 01 खोखा कारतूस,01 मिस जिन्दा कारतूस, 62,900 रूपये नगद (टप्पेबाजी करके अर्जित) व घटना में प्रयुक्त एक मोटर साइकिल बरामद हुई हैं।

एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके विरुद्ध 24 से अधिक अभियोग विभिन्न थानो पर पंजीकृत है। अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

———–