बरेली, 24 जनवरी । उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शनिवार को बरेली में विकास, संस्कृति और जनकल्याण योजनाओं का भव्य उत्सव देखने को मिला। राजकीय इंटर कॉलेज स्थित ऑडिटोरियम में विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश विषय पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। आज प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह हर प्रदेशवासी के लिए गर्व का विषय है। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि वृंदावन के बाद बरेली को दूसरा कॉरिडोर मिलना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत बने आधुनिक ऑडिटोरियम, स्कूलों में स्मार्ट क्लास और नए इंफ्रास्ट्रक्चर से शहर की तस्वीर बदली है।
एमएलसी कुंअर महाराज सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाना है। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनने और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील भी की। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने कहा कि 24 जनवरी 1950 को प्रदेश को उत्तर प्रदेश नाम मिला और यह राज्य सबसे अधिक प्रधानमंत्री देने वाला प्रदेश है।
मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश-विदेश में अपनी सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि यह प्रदेश श्रीराम और श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है और आस्था व पर्यटन का बड़ा केंद्र बन चुका है।
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत तबला वादन, शास्त्रीय गायन और महापुरुषों के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
स्थापना दिवस पर कृषि, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला कल्याण सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी लेने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।