गुरुग्राम, 25 जनवरी । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने रविवार को पीएम मोदी का मन की बात कार्यक्रम का 130वां संस्करण गुरुग्राम महानगर के कार्यकर्ताओं के साथ बूथ नंबर-37 भौंडसी श्याम कुंज में सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मन की बात कार्यक्रम जन-जन को जोडऩे, सकारात्मकता जगाने और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संकल्प दृढ़ करने वाला सशक्त संवाद है। उन्होंने कहा कि यह संवाद हर भारतीय को कर्म, कर्तव्य और करुणा के मार्ग पर प्रेरित करता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पीएम मोदी ने वर्ष 2026 के पहले मन की बात कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस, मतदाता दिवस, पर्यावरण, स्वच्छता समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम का हर संस्करण प्रेरणादायी होता है। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने मतदाता दिवस के अवसर पर पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने मतदाता को लोकतंत्र की आत्मा बताया।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज के संस्करण में इसका जिक्र किया और इसे देश के भविष्य के लिए अहम बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रधानमंत्री द्वारा सांझा किए गए विचार हर नागरिक में राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत यादव, जिला प्रभारी राजकुमार बोहरा, मन की बात कार्यक्रम के संयोजक हरविन्द्र कोहली, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जिला महामंत्री प्रदीप सैनी, जिला मीडिया प्रभारी नरेश कुमार, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अमित भारद्वाज, राजकुमार चौहान एवं मंडल अध्यक्ष समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।