बालोतरा, 26 जनवरी । भारत माला एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी ट्रक बोलेरो कैंपर और श्रद्धालुओं को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया और आगे बैरिकेड से टकराकर रुका।
हादसा सिवाना थाना क्षेत्र के आसोतरा–मूठली गांव के पास हुआ।
हादसे के शिकार सभी श्रद्धालु जालोर जिले के बागोड़ा क्षेत्र के रहने वाले थे। ये लोग जसोल स्थित राणी भटियाणी माता मंदिर के दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर निकले थे।
सिवाना डीएसपी देरावर सिंह ने बताया कि कुल सात श्रद्धालुओं का समूह हाईवे के किनारे पैदल चल रहा था। उनके पीछे सामान से लदी एक बोलेरो कैंपर चल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे एक मिनी ट्रक ने पहले बोलेरो कैंपर को टक्कर मारी और फिर आगे चल रहे पैदल श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद मिनी ट्रक बोलेरो कैंपर और श्रद्धालुओं को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। अंत में ट्रक एक बैरिकेड से टकराकर रुका।
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
हादसे में मृतकों की पहचान सिकाराम (35) पुत्र विशनाराम, जालाराम (34) पुत्र केवाराराम मेघवाल और महेशाराम (30) पुत्र बाबरराम देवासी के रूप में हुई। तीनों मृतक बागोड़ा (जालोर) के निवासी थे। हादसे में घायल हुए लोगों में लीलाराम (32) निवासी बागोड़ा, किशनाराम (23) देवासी निवासी लोहारवा, धोरीमन्ना और निम्बगिरी (30) निवासी बागोड़ा शामिल हैं। घायलों को बालोतरा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार, सिवाना डीएसपी देरावर सिंह और सिवाना थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, यातायात को नियंत्रित कराया और शवों को एक्सप्रेस-वे एम्बुलेंस की मदद से बालोतरा जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित रहा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने मिनी ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।