रांची के मांडर कॉलेज मैदान में पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया

रांची, 26 जनवरी । गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रांची के मांडर कॉलेज मैदान में सोमवार को पहली बार भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य की कृषि, पशुपालन और सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री तिर्की ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने इतिहास को समझें, संकुचित सोच से बाहर निकलें और हकीकत से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम सर्वोपरि है और संविधान की गरिमा बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व है।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली छात्रों और टीमों को मंत्री के हाथों पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। यह पहला अवसर था जब मांडर प्रखंड स्तर पर स्थानीय विधायक और मंत्री के प्रयास से वृहद गणतंत्र दिवस समारोह संपन्न हुआ। समारोह में सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर आयोजित मार्च पास्ट, परेड और बैंड डिस्प्ले ने ग्रामीण छात्रों और उपस्थित जनसमूह का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा, जलियांवाला बाग पर आधारित नाट्य प्रस्तुति और देशभक्ति नृत्य ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। समारोह में आयोजित सामूहिक नृत्य में देश की विविध सांस्कृतिक धरोहर की झलक देखने को मिली। छात्रों के चेहरों पर उत्साह और गर्व साफ झलक रहा था।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय के छात्र–छात्राएं, प्रधानाचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इस ऐतिहासिक आयोजन ने मांडर प्रखंड में गणतंत्र दिवस के महत्व और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।

————