फर्रुखाबाद, 27 जनवरी । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति ने मंगलवार काे एक बैठक ग्राम खुटिया में की। इसमें किसानाें ने गंगा पर तटबंध बनवाने के लिए हर संभव प्रयास करने और संघर्ष करने की घोषणा की। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 11 फरवरी से तटबंध बनाने के लिए कढ़हर से लेकर अटेना घाट तक पदयात्रा प्रारंभ की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि अब बहुत हो चुका है। काफी समय से सरकार और जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया जा रहा है कि तटबंध बनवाया जाए, पर कोई भी कार्यवाही नहीं हुई है। सरकार परेशान लोगों के दुख दर्द को नहीं समझ रही है। पूरा क्षेत्र प्रभावित है और तटबंध के बिना इस समस्या कोई समाधान नहीं है। 11 फ़रवरी को पूरा क्षेत्र तटबंध के समर्थन में पदयात्रा में शामिल होगा।
रमेश त्रिपाठी ने कहा कि यह समस्या हम सबकी समस्या है। गांव गांव हर व्यक्ति परेशान है। पदयात्रा में हजारों की संख्या में लोग चलेंगे और तटबंध बनवा कर रहेंगे। पूर्व प्रधान अखिलेश तिवारी ने कहा कि आज खुटिया से पदयात्रा प्रारंभ की घोषणा हो रही है। तो गांव का दायित्व है सबसे बड़ी संख्या में यहां के लोग यात्रा में शामिल हो।
राजीव प्रताप सिंह उर्फ टिल्लू भैया ने कहा कि तटबंध के लिए पूरी जी जान से लग जाना है और पदयात्रा ऐसी होनी चाहिए कि इतिहास बन जाए ।हर गांव से 50-50 लोग शामिल होंगे। यह लक्ष्य तय किया गया है। बैठक में प्रधान योगेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि तटबंध हम सबके लिए जीवन रेखा साबित होगी। इसके लिए सभी को लगना पड़ेगा। शासन को तटबंध बनवाना ही पड़ेगा।
राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने कहा कि तटबंध पर सारी जनता आज साथ है। यह उत्साह और उमंग हम सबको 11 तारीख को पूरा ज्वार बनके सड़कों पर लाना है। युवा जोश और अनुभवी लोग हमारी ताकत होंगे। यह पदयात्रा ऐतिहासिक यात्रा होगी।
बैठक में शिव शंकर मिश्रा, कमला शंकर तिवारी, ज्ञान स्वरूप पाठक, देवनारायण त्रिवेदी, बाबू अवस्थी, ओम नारायण त्रिवेदी, संजीव अग्निहोत्री, विपिन तिवारी,
बृजेश मिश्र, बृजेश अग्निहोत्री, राम बिहारी वाजपेई, शरद अग्निहोत्री, अरुण मिश्रा, सोनू सिंह, जयवीर गौतम, राजाराम बाथम, रामानंद सक्सेना, राजीव वर्मा, अनूप प्रधान, भानु सिंह सहित बहुत बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।