वाहनों की चैकिंग के दौरान कार में मिली 7.63 किलो चांदी

जोधपुर, 29 जनवरी । कमिश्ररेट पुलिस की तरफ से सांयकालीन गश्त में गुरूवार को सोजती गेट पर एक कार की सघन चैकिंग में सात किलो से ज्यादा चांदी को जब्त किया है। इसे लाने वाला पुलिस को बिल नहीं पेश कर पाया। पुलिस ने उसे जब्त कर जीएसटी विभाग एवं आयकर विभाग को सूचना दी है। अग्रिम कार्रवाई संबंधित विभागों की तरफ से की जाएगी।

सदर बाजार थानाधिकारी माणकराम विश्रोई ने बताया कि सांयकालीन गश्त में एसआई गंगाराम ने सोजती गेट पर एक कार को संदेह के आधार पर रूकवाया और तलाशी ली। तब कार में सात किलो 633 ग्राम चांदी मिली। इस पर कार सवार प्रिंस सोनी से इस चांदी के बारे में पूछताछ किए जाने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। थानाधिकारी माणकराम ने बताया कि चांदी को जब्त कर लिया गया है। अब जीएसटी एवं इंकमटैक्स विभाग को इस बारे में सूचना दी गई है। संबंधित विभाग इस बारे में अग्रिम कार्रवाई करेगा। जब्त हुई चांदी लगभग 30 लाख की है।