महिला उत्पीड़न की रोकथाम के लिए योगी सरकार तत्परः ममता

हमीरपुर, 03 फरवरी । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं का उन्हें लाभ दिलाने व महिला उत्पीड़न पर रोक लगाने व पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने को लेकर तत्पर है। सरकार का लगातार प्रयास है कि महिला अपराध पर लगाम लगाई जाए और महिलाओं को सुरक्षा देते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाए। साथ ही सरकार के द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उन्हें लाभ दिलाया जाए।

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम कलेक्ट्रेट सभागार हमीरपुर में मंगलवार को महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी व उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता पहुंचीं। जहां उन्होंने सरकार की मंशानुरूप महिला उत्पीड़न से सम्बंधित घटनाओं को लेकर अधिकारियों से समीक्षा की। वहीं महिला जनसुनवाई के दौरान अपनी अपनी शिकायत को लेकर पहुंची महिलाओं की फरियाद भी सुनी और सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य ममता कुमारी ने बताया कि महिला उत्पीड़न से सम्बंधित पूरे भारत में जो केस है वह यहां भी हैं। इन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा, दहेज हत्या व साइबर क्राइम आदि मामले आज यहां पर आए थे जिनकी सुनवाई की गई है।

वहीं पुराने जिन लोगों ने आवेदन किया था वह यहां पर नहीं आ सके हैं, जिनकी सुनवाई के लिए अगली तारीख तय की जाएगी और मैं फिर दोबारा यहां आकर महिला जनसुनवाई करूंगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा व संवेदना के लिए तत्पर है और अयोग अपना काम अच्छे से कर रहा है। बताया कि आयोग द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से सुनवाई की जाती है। कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग का यही प्रयास है कि महिलाएं सुरक्षित रहें व पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय मिल सके। साथ ही महिलाओं को अच्छी शिक्षा मिल सके व सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिल सके। इस मौके पर सीडीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, डीपीओ राजीव सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

–महिला जनसुनवाई में फरियाद लेकर पहुंचीं 50 महिलाएं कलेक्टर सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई में हमीरपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्र की 50 की संख्या में महिलाएं अपनी-अपनी फरियाद लेकर पहुंची। जहां फरियादियों ने राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी व उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता के सम्मुख अपनी समस्याएं रखीं। सुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, छेड़छाड़ समेत महिला उत्पीड़न से सम्बंधित कई मामले आये, जिसकी सुनवाई की और सम्बंधित पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से समस्याओं का जल्द निस्तारण करने को कहा। वहीं जनसुनवाई में पुराने मामलों की कोई भी पीड़ित महिलाएं नहीं पहुंची, जिसको लेकर दोनों सदस्यों ने कहा कि पुराने मामलों की सुनवाई के लिए आगे अगली तारीख तय की जाएगी। जिसमें उन मामलों को सुना जाएगा और उनकी समीक्षा की जाएगी।