कानपुर, 04 फरवरी । नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को युवक ने तमंचे से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर पर अकेला था। बड़े भाई के वापस लौटने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पड़ताल में जुट गई है।
नवाबगंज के ख्योरा इलाके में रहने वाले राम अवतार निषाद लोडर चालक हैं। परिवार में पत्नी ममता और दो बेटे दीपक और अभिषेक (20) व लड़कियां शिवानी और प्रीति हैं। मृतक अपने बड़े भाई के साथ बिल्डिंग का काम करता था। आज पिता और बड़ा भाई काम पर चले गए थे। जबकि अभिषेक घर पर ही था। मौका पाकर उसने पहले तो खुद को अपने कमरे में बंद किया। फिर सिर में गोली मार कर आत्महत्या कर ली।
दोपहर के समय बड़ा भाई दीपक घर खाना खाने पहुंचा। उसने अभिषेक के कमरे में जाकर देखा तो वह लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया। घटनास्थल से जांच टीम ने 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस बरामद किया। वही कमरे की दीवार पर गोली का निशान भी मिला। जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि गोली सिर के आर-पार होने के बाद दीवार पर जाकर घुसी।
एसीपी कर्नलगंज अमित चौरसिया ने बताया कि मृतक के पास तमंचा कहां से आया? और उसने आत्महत्या क्यों की। इन सभी सवालों के जवाब के लिए पुलिस छानबीन कर रही है। इसके अलावा मृतक का मोबाइल जब्त कर जांच के शामिल कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।