वित्तीय वर्ष 2025-26 के जनवरी माह में प्राप्त हुआ 18515.52 करोड़ रुपये का राजस्व

लखनऊ, 05 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार काे बताया कि प्रदेश के मुख्य कर-करेत्तर राजस्व वाले मदों में वित्तीय वर्ष 2025-26 के जनवरी माह में कुल रू0 18515.52 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 के जनवरी माह में रू0 17425.94 करोड़ राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष के माह जनवरी में रू0 1089.58 करोड़ राजस्व अधिक प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि कर राजस्व वाली मदों के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में माह जनवरी तक रू0 178556.43 करोड़ की प्राप्ति हुई है। जो वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह जनवरी तक निर्धारित लक्ष्य का 74.1 प्रतिशत है।

सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह जनवरी तक कर राजस्व के अंतर्गत कुल रू0 178556.43 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है। जो माह जनवरी 2026 तक निर्धारित लक्ष्य रू0 240980.67 करोड़ के सापेक्ष 74.1 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि राज्यकर के अंतर्गत माह जनवरी तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य रू0 145427.47 करोड़ के सापेक्ष रू0 94039.39 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य का 64.7 प्रतिशत है। आबकारी मद के अंतर्गत इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य रू0 48900.00 करोड़ के सापेक्ष रू0 43949.17 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 89.9 प्रतिशत है। स्टाम्प तथा निबंधन के अंतर्गत जनवरी माह तक राजस्व प्राप्ति निर्धारित लक्ष्य रू0 31725.00 करोड़ के सापेक्ष रू0 27137.81 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो लक्ष्य का 85.5 प्रतिशत है। परिवहन मद में निर्धारित लक्ष्य रू0 11428.20 करोड़ के सापेक्ष रू0 10063.39 करोड़ की प्राप्ति हुई है जो 88.1 प्रतिशत है।