जांजगीर-चांपा, 05 फरवरी (हि. स.)। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने आज गुरुवार को ग्राम पिपरदा–पुछेली रेत खदान क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त एक जेसीबी एक्सकेवेटर मशीन एवं चार हाईवा वाहनों को जब्त किया है।
खनिज अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान खदान क्षेत्र में खनिज रेत का अवैध उत्खनन, लोडिंग एवं परिवहन किया जा रहा था। मौके पर एक जेसीबी मशीन एवं चार हाईवा वाहन अवैध कार्य में संलग्न पाए गए। कार्रवाई करते हुए जांच दल द्वारा जेसीबी मशीन को जब्त कर पुलिस थाना बम्हनीडीह की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है।
वहीं, मौके पर पाए गए हाईवा वाहनों पर नियमानुसार नोटिस चस्पा किए गए हैं। मामले में खनिज रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दर्ज प्रकरण के तहत खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही नियमानुसार संबंधित वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।