युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

शिमला, 07 फ़रवरी । जिला शिमला के नेरवा थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएच) नेरवा के मेडिकल ऑफिसर ने टेलीफोन के माध्यम से थाना नेरवा को सूचना दी कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पहचान अरमान (26) पुत्र शकील निवासी जिला बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

अस्पताल में मौजूद मृतक के भाई साहिल ने पुलिस को बताया कि अरमान पिछले करीब एक वर्ष से मानसिक बीमारी से संबंधित दवाइयां ले रहा था। उसने बताया कि शाम करीब 5:30 बजे जब वह अपने दोस्तों के साथ कमरे में पहुंचा तो अरमान सो रहा था और उसके मुंह से हल्की झाग निकल रही थी। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। चिकित्सकों के अनुसार मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल शव को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है और मामले में आगे की कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत अमल में लाई जा रही है, जबकि पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।