रांची, 07 फ़रवरी । हटिया मजदूर यूनियन (सीटू) के अध्यक्ष भवन सिंह ने 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए एचईसी मजदूरों से एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह हड़ताल केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों और चार श्रम संहिताओं के खिलाफ है।
शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने बताया कि 9 फरवरी को धनबाद में वार्ता होगी। इसके बाद 11 फरवरी को नेहरू पार्क और 12 फरवरी को एचईसी मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने मजदूरों से इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
भवन सिंह ने आरोप लगाया कि चारों श्रम संहिताएं मजदूरों के संघर्ष से मिले अधिकारों को कमजोर कर मालिकों के पक्ष में बनाई गई हैं, जिससे मजदूरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने एचईसी प्रबंधन पर श्रम कानूनों का पालन नहीं करने का भी आरोप लगाया।
भवन सिंह ने कहा कि हर माह 7 तारीख तक वेतन भुगतान का कानूनी प्रावधान होने के बावजूद इसका पालन नहीं हो रहा है। वर्ष 2010 में सप्लाई और ठेका मजदूरों को 18 दिन वार्षिक अवकाश देने के समझौते का उल्लंघन किया गया। अर्जित अवकाश, बोनस भुगतान, न्यूनतम वेतन और ग्रेडेशन जैसे मामलों में भी प्रबंधन पर नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया गया।
भवन सिंह ने कहा कि न्यूनतम वेतन से कम भुगतान संज्ञेय अपराध है और इसे बंधुआ मजदूरी की श्रेणी में माना जा सकता है। उन्होंने 2018 में नियुक्त तकनीकी मजदूरों के प्रमोशन न होने को भी समझौते का उल्लंघन बताया।