सूरजपुर : विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लक्ष्य अनुरूप प्रगति के निर्देश

सूरजपुर, 09 फ़रवरी । कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में सोमवार को समय-सीमा की बैठक जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा मुख्य सचिव विकासशील द्वारा जारी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने को कहा।

बैठक में 09 से 18 फरवरी तक संचालित होने वाले वजन त्योहार को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने जिले में 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पोषण स्तर के सटीक आकलन हेतु समुदाय की सक्रिय सहभागिता के साथ वजन त्योहार के सुचारू एवं प्रभावी आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी पालकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों में अपने बच्चों को निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र में अवश्य ले जाएं और वजन त्योहार में सहभागिता सुनिश्चित करें, जिससे बच्चों के पोषण स्तर से संबंधित सही आंकड़े प्राप्त हो सकें और कुपोषण मुक्त सूरजपुर की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना बनाई जा सके।

बैठक में अग्रसेन भवन, भैयाथान में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रस्तावित सामूहिक विवाह कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई। इस कार्यक्रम में 250 कन्याओं के विवाह संपन्न कराए जाने हैं। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी से तैयारियों की जानकारी ली तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा, सभी एसडीएम एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।