पाणी गांव में मां भद्रकाली के सानिध्य में ध्याणी- मैती मिलन समारोह

उत्तरकाशी, 09 फ़रवरी विकासखंड जनपद के पुरोला के पाणी गांव में भव्य ध्याणी- मैती मिलन समारोह अपने आराध्य देवी माँ भद्रकाली के सानिध्य में सोमवार को शुरू हो गया है।

समारोह रवांई की पारंपरिक रीति–रिवाजों के साथ “ध्याणी–मैती मिलन एवं माँ भद्रकाली भेंट सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गांव की बेटियों (ध्याणीयों) ने अपने मैती की कुलदेवी माँ भद्रकाली को विशेष भेंट स्वरूप सोने का बिजोरा अर्पित किया, जो माता के झामण व छत्र के मध्य स्थापित किया गया। साथ ही माँ द्रौपती के लिए चांदी की कटोरी, कालका माँ के लिए चांदी का छुरा तथा माँ काली को तलवार भेंट की गई।

इस अवसर पर तीन पीढ़ियों—बहनों, भतीजियों एवं बुआओं—का भावनात्मक एवं सांस्कृतिक मिलन देखने को मिला, जिससे पूरे गांव में उत्सव और आत्मीयता का वातावरण बना रहा। देव स्नान यात्रा के पश्चात गांव की रियाणियों (बहुओं) द्वारा गांव की ध्याणीयों का पारंपरिक स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में गांव के सभी दामादों (जवांई) का भी सराहनीय सहयोग रहा। इसके उपरांत रासो–तान्दी नृत्य के माध्यम से ग्रामीणों ने सामूहिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को उल्लासपूर्ण बना दिया।

समारोह में गांव के कुल पुरोहित शिव प्रसाद सेमवाल, मां भद्रकाली के माली देव प्रसाद बहुगुणा, पुजारी बुद्धि बहुगुणा, गोपाल सिंह कलूडा, तिलक चंद कलूडा, जयवीर सिंह, त्रेपन सिंह, बिशन सिंह, ग्राम प्रधान जयपाल भारती, प्रदीप कलूडा, मनवीर सिंह, बलवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य पूर्णचंद भारती, पूर्व प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सूर्या लाल, अनमोल सिंह, दीवान सिंह, आजाद सिंह, लोकेन्द्र सिंह, दीपेंद्र सिंह, कलूडा सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस आयोजन को पारंपरिक सांस्कृतिक मूल्यों, मैती–ध्याणी परंपरा तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला बताया।