बस से टक्कर के बाद डीसीएम पलटी, एक की मौत, छह घायल

सुलतानपुर, 10 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में थाना जयसिंहपुर क्षेत्रान्तर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 140.7 किमी. के पास बीती रात सड़क हादशा हो गया। बस को ओवरटेक करते समय ट्रक पलट गया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

लखनऊ से आजमगढ़ जा रही बस को पीछे से आ रही ट्रक ने ओवर टेक करते समय बस को टक्कर मार दी। ट्रक टकराकर मौके पर ही पलट गई। डीसीएम में सवार मोहम्मद अनीस (30) निवासी बादली, थाना हैदरगढ़, बाराबंकी की दुर्घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। डीसीएम चालक इम्तियाज अहमद (35 ) निवासी दरोगा की छोरी, थाना जैतपुर, बाराबंकी, मोहम्मद इसराइल (25 ) निवासी बुद्धगंज, थाना जैतपुरा और कंडक्टर मुदस्सिर (17 ), निवासी दरोगा की छोरी, थाना जैतपुरा, बाराबंकी को चोटें आईं।

बस में सवार यात्रियों में शिवांगी मौर्य (23 ) पुत्री सुरेश मौर्य, निवासी शंकरजी तिराहा, फूलपुर, आजमगढ़, रशीदा पत्नी महमूद, निवासी कुशवाहा, थाना फूलपुर, आजमगढ़ , साजिदा (42 ), पत्नी रिजवान, ग्राम निजामपुर, आजमगढ़) और लुकमान (18), पुत्र रिजवान को मामूली चोटें आईं। ये तीनों एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस से दोस्तपुर इलाज के लिए भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारी कपिल देव सिंह यादव (गाड़ी नंबर 13) और सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडे (ईगल पेट्रोलियम नंबर 6) अपनी टीमों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। संबंधित थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

थाना क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर रामकृष्णा चतुर्वेदी ने मंगलवार को बताया कि बस के चालक और कंडक्टर घटनास्थल से फरार हो गए हैं। पलटी हुई डीसीएम और बस को हटाने के लिए हाइड्रा और रिकवरी वैन से हटवा दिया गया है। अन्य सभी यात्रियों को आगे भेज दिया गया है।