शिमला, 10 फ़रवरी । शिमला जिला पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत चौपाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नेपाली मूल के एक व्यक्ति को बड़ी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार थाना चौपाल की टीम ने सोमवार की रात नियमित गश्त के दौरान एक व्यक्ति की तलाशी ली और उसके कब्जे से 1.811 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 50 वर्षीय चंदन बुधा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का निवासी है और वर्तमान में चौपाल के पुजारली गांव में रह रहा था। चरस बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।