काठमांडू, 10 फ़रवरी । निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों को चुनावी घोषणापत्र सार्वजनिक करने और उसे निर्वाचन आयोग में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। आयोग की सोमवार को हुई बैठक ने घोषणापत्र प्रस्तुत करने के लिए निर्देश जारी करने का निर्णय लिया।
निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता नारायण भट्टराई के अनुसार 5 मार्च को होने वाले निर्वाचन में भाग लेने वाले राजनीतिक दलों को अपना चुनावी घोषणापत्र निर्वाचन आयोग में जमा करना होगा। इसके लिए आयोग ने आगामी 15 फरवरी तक की समय-सीमा निर्धारित की है। निर्वाचन में भाग लेने वाले राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को निर्वाचन आचारसंहिता की धारा 37 के अनुसार 15 फरवरी के भीतर चुनावी घोषणापत्र सार्वजनिक करना होगा। साथ ही राजनीतिक दलों को अपना घोषणापत्र निर्वाचन आयोग में और उम्मीदवारों को संबंधित निर्वाचन कार्यालय में राजनीतिक दल संबंधी अधिनियम 2073 की धारा 57 के अनुसार प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।