निकाय चुनाव को लेकर प्रेक्षक ने मतदान केंद्र और स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण

पश्चिमी सिंहभूम, 10 फ़रवरी । जिले में नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में चाईबासा नगर परिषद (वर्ग-ख) अंतर्गत अधिसूचित सामान्य प्रेक्षक एजाज अनवर ने चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्र और महिला कॉलेज, चाईबासा परिसर में स्थित स्ट्रांग रूम का मंगलवार को निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, खुंटपानी प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक और सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार भी मौजूद थे। सामान्य प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और यह देखा कि मतदाताओं के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सही ढंग से की गई हैं या नहीं।

इसके अलावा महिला कॉलेज परिसर में अवस्थित स्ट्रांग रूम में संधारित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों की स्थिति की जानकारी ली गई। निरीक्षण के क्रम में सामान्य प्रेक्षक ने संबंधित अधिकारियों से निर्वाचन कार्य योजना के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर सभी स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।