हरिद्वार, 10 फ़रवरी । कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर में बीती रात दो जंगली हाथी आबादी में घुस आए, इस दौरान स्कूटी सवार एक व्यक्ति हाथियों को परेशान करता दिखाई दिया। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। व्यक्ति के खिलाफ वन विभाग कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है। वन विभाग की टीम व्यक्ति की तलाश कर रही है।
दरअसल, जगजीतपुर क्षेत्र में पिछले कई सालों से जंगली हाथियों की दस्तक जारी है। बीती देर रात जंगल से निकल कर दो जंगली हाथी कॉलोनी में घुस आए। रोजाना की तरह हाथी शांतिपूर्वक विचरण कर रहे थे। तभी एक स्कूटी सवार व्यक्ति वहां से गुजर रहा था। व्यक्ति ने जानबूझ कर हाथियों के पीछे स्कूटी दौड़ानी शुरू कर दी। इस बीच वन विभाग की टीम भी हाथियों को जंगल में खदेड़ रही थी। वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने स्कूटी सवार को काफी समझाया, लेकिन वो नहीं माना।
आखिर में उसने फिर से हाथियों के पीछे स्कूटी दौड़ा दी। स्कूटी को पास आता देख एक हाथी स्कूटी सवार की तरफ मुड़ गया। गनीमत रही कि पीछे दौड़ रही वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने शोर मचा दिया। शोर को सुनकर हाथी आगे की तरफ निकल गए और उन्होंने स्कूटी सवार पर हमला नहीं किया। स्थानीय लोगों ने हाथी और व्यक्ति का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।