मुरादाबाद, 11 फरवरी । प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की नई सूची का सत्यापन पहली बार कृत्रिम बुद्धिमता (एआई-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से हो रहा है। इसी सूची के आधार पर मुरादाबाद समेत प्रदेश के सभी जिलों में गरीबों को पीएम आवासों का आवंटन किया जाएगा।
करीब सात साल पहले बनी लाभार्थियों की सूची पूर्ण हो चुकी है। इसके बाद अब एआई सत्यापित नई सूची तैयार की जा रही है। जिसके मार्च माह के प्रथम सप्ताह में जारी होने की संभावना है। जिससे प्रदेश के करीब ढाई लाख से अधिक गरीबों को आवास मिल पाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए प्रदेशभर में पात्र लाभार्थियों का सर्वे वर्ष 2018 में कराया गया था। वर्ष 2019 में लाभार्थियों की स्थायी सूची तैयार की गई थी। इसी सूची के आधार पर अब तक ग्रामीण क्षेत्र में लाभार्थियों को आवास आवंटित किए जा रहे थे लेकिन वर्ष 2024-25 तक यह सूची पूर्ण हो चुकी है।
डीआरडीए के परियोजना अधिकारी श्वेतांक पांडेय ने बुधवार को बताया कि पुरानी सूची पूरी हो गई है। अब प्रदेशभर में नई लाभार्थी सूची तैयार की जा रही है। इसमें पहली बार एआई का प्रयोग किया जा रहा है ताकि किसी गड़बड़ी की आशंका न रहे। नई सूची अभी तैयार नहीं होने के कारण ही संभवतः इस वर्ष 2025-26 में जिले का लक्ष्य अभी नहीं आया है। उम्मीद है कि नई सूची इसी माह के अंत में या मार्च के प्रथम सप्ताह में जारी हो सकती है, जिसके आधार पर लाभार्थियों को आवास दिए जाएंगे।