मुख्यमंत्री 14 फरवरी को रुद्रपुर में,त्रिशूल चौक का करेंगे लोकार्पण

उधमसिंह नगर, 13 फ़रवरी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 14 फरवरी को रुद्रपुर का दौरा करेंगे। इस दौरान वे नगर निगम द्वारा निर्मित त्रिशूल चौक का लोकार्पण करेंगे और उसके बाद गांधी पार्क में आयोजित यू एस कार्निवाल सरस आजीविका मेले का उद्घाटन करेंगे।

त्रिशूल चौक,जिसे पहले इंद्रा चौक के नाम से जाना जाता था, अब नया नामकरण पाएगा। लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बने इस चौक में करीब 10 फुट ऊंचा चबूतरा बनाया गया है, जिस पर 14 फुट ऊंचा और साढ़े तीन टन का त्रिशूल स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी लोकार्पण के बाद कांवर ले जा रहे कावड़ियों के चरण धोएंगे और इसके बाद शिव बारात निकाली जाएगी।

मेयर विकास शर्मा ने बताया कि यह त्रिशूल चौक राजा रुद्र की नगरी रुद्रपुर की सांस्कृतिक आत्मा को पुनर्जीवित करने का प्रयास है।

रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया और अधिकारियों के साथ गांधी पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। विधायक ने कहा कि यह सरस मेला ऐतिहासिक होगा और कला, साहित्य व गायन क्षेत्र के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इस अवसर पर मेयर विकास शर्मा,सीडीओ दिवेश शासनी,अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।