आईजी ने हल्द्वानी में किया निरीक्षण, खामियों पर जताई नाराजगी

नैनीताल, 13 फरवरी । कुमाऊं परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत देर रात्रि पुलिस महानिरीक्षक (कुमाऊं) रिद्धिम अग्रवाल ने हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न नाकों, पुलिस बैरियरों और चौकी क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं वाहनों की जांच की, संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन की प्रक्रिया परखी तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। नाकों और बैरियरों पर आगंतुकों एवं वाहनों की आवाजाही से संबंधित रजिस्टरों की जांच में कई प्रविष्टियां अधूरी पाई गईं। इस पर संबंधित थाना प्रभारियों को सभी अभिलेख तत्काल अद्यतन कर एक दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

कुछ चौकी क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए, जिनकी सूचना उच्चाधिकारियों को नहीं दी गई थी। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। गश्ती कर्मचारियों के पास बीट बुक अथवा ई-बीट बुक एवं वायरलेस सेट उपलब्ध न होने पर भी कड़ी आपत्ति दर्ज की गई। निर्देशित किया गया कि प्रत्येक गश्ती कर्मचारी के पास बीट बुक/ई-बीट बुक अनिवार्य रूप से हो तथा क्षेत्र में किए गए सत्यापन और संदिग्ध गतिविधियों का विवरण नियमित रूप से दर्ज किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कई ओवरलोड वाहनों को सीज भी किया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने स्पष्ट किया कि नाके, बैरियर, सीसीटीवी निगरानी और बीट प्रणाली पुलिसिंग की अहम कड़ियां हैं तथा इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कुमाऊं परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।